अर्जुन का धर्म, भीम का क्रोध, द्रौपदी की करुणा और कृष्ण की मुस्कान

Nov 20, 2026 · @Rachitkumar

वह रात, जिसने सबको झकझोर दिया

महाभारत का युद्ध ख़त्म हो चुका था, पर एक रात ऐसी आई जिसने जीत का सारा स्वाद कड़वा कर दिया। गुरु द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वत्थामा ने अंधेरे में पांडवों के शिविर में घुसकर द्रौपदी के पाँचों पुत्रों को सोते हुए मार डाला। न कोई युद्ध, न कोई ललकार — बस सोते हुए बच्चों पर वार।

अर्जुन, जिनका एक नाम ‘विजय’ भी है, क्रोध से भर उठे। वे अश्वत्थामा का पीछा करके उसे पकड़ लाए और रस्सी से बाँधकर सबके सामने खड़ा कर दिया। अब बारी थी फ़ैसले की।

कृष्ण का पहला फ़ैसला (Nyay): “मार दो”

सबसे पहले श्रीकृष्ण बोले, और सबके सामने बोले: इसे मार दो। न्याय की दृष्टि से इसमें कोई सवाल ही नहीं था। जिसने सोते हुए मासूमों की हत्या की, वह खुला अधर्म कर चुका था।

कृष्ण ने अर्जुन को याद दिलाया कि धर्म जानने वाला किन लोगों पर हाथ नहीं उठाता:

यानी नशे में धुत, असावधान, पागल, सोया हुआ, बच्चा, स्त्री, नासमझ, शरण में आया, बिना रथ का और डरा हुआ — इन्हें धर्मवान शत्रु भी नहीं मारता। अश्वत्थामा ने ठीक यही नियम तोड़ा था। इसलिए कृष्ण का कहना था — ऐसे आदमी को जीने का हक़ नहीं।

अर्जुन का धर्म: “मैं इसे नहीं मारूँगा”

अर्जुन कोई अलौकिक पात्र नहीं हैं। वे हमारे-आपके जैसे एक सोचने वाले, धर्म में जीने वाले इंसान हैं। और धर्मात्मा आदमी गुस्से में भी अधर्म नहीं कर सकता।

अर्जुन का उसूल सीधा था:

  • जिसके हाथ में शस्त्र नहीं, उसे नहीं मारना।
  • जो शरण में आ गया, उसे नहीं मारना।
  • पीठ पीछे से वार नहीं करना।

यह क्षत्रिय धर्म है। अश्वत्थामा अब बंधा हुआ था, निहत्था था, डरा हुआ था। साथ में वह गुरु द्रोण का बेटा था। अर्जुन ने गुरुपुत्र को मारना नहीं चाहा।

सोचिए, जिस आदमी ने अभी-अभी आपके बच्चों को मारा हो, वह आपके सामने बेबस खड़ा है। और आप कहते हैं — नहीं, धर्म इसकी इजाज़त नहीं देता। यही धर्म की सबसे ताक़तवर परिभाषा है।

कृष्ण अर्जुन के धर्म की परीक्षा ले रहे थे।

भीम का क्रोध: “सोचना-वोचना छोड़ो, मारो इसे”

हर कोई अर्जुन के फ़ैसले से ख़ुश नहीं था। भीम सबसे ज़्यादा नाराज़ थे। उनका कहना था — इसमें सोचने क्या है, मारो और काम ख़त्म करो।

पर ध्यान दीजिए, कृष्ण ने भी “मार दो” कहा था और भीम भी वही कह रहे थे। शब्द एक हैं, पर जड़ अलग है। कृष्ण की बात न्याय से आ रही थी, भीम की बात गुस्से से। एक ही वाक्य किस जगह से निकला, यही उसका मूल्य तय करता है।

द्रौपदी की करुणा: “एक और माँ को मत रुलाओ”

अब आता है इस कथा का सबसे नाज़ुक क्षण। जिस माँ के पाँचों बेटे गए, वही द्रौपदी आगे आई। उन्होंने बंधे हुए अश्वत्थामा को प्रणाम किया और कहा — इसे छोड़ दो, यह गुरु का बेटा है।

फिर उन्होंने वह बात कही जो हर माँ का दिल समझता है:

जैसे मैं अपने मरे हुए बच्चों के लिए रो रही हूँ, वैसे इसकी माँ गौतमी (कृपी) न रोए। द्रौपदी का भाव यह था — इसने मेरे बच्चों की जान का मोल नहीं समझा, पर मैं इसकी जान का मोल समझती हूँ। जान के बदले जान से कुछ हल नहीं होता।

द्रौपदी की यह बात सुनकर युधिष्ठिर और वहाँ मौजूद कई लोगों ने उनका साथ दिया। पर भीम अब भी नहीं माने। अब सभा में तीन आवाज़ें थीं — न्याय, धर्म और करुणा। और कृष्ण अब तक तटस्थ खड़े थे।

कृष्ण मुस्कुराए

अब कृष्ण मुस्कुराए और अपना असली फ़ैसला सुनाया:

ब्राह्मण का वध नहीं करना चाहिए, और आततायी वध के योग्य है — दोनों नियम मैंने ही बनाए हैं, दोनों का पालन करो। और ऐसे करो कि तुम्हारी प्रतिज्ञा भी निभे, द्रौपदी को भी संतोष मिले, भीम को भी और मुझे भी।

अर्जुन इशारा समझ गए। उन्होंने तलवार से अश्वत्थामा के मस्तक की मणि बालों समेत काट ली, उसे खोला और शिविर से बाहर निकाल दिया। सिर मुंडवाना, धन छीन लेना और स्थान से निकाल देना — पतित ब्राह्मण का यही वध है, शरीर का वध नहीं। यानी अश्वत्थामा जिंदा तो रहा, पर उसका सब कुछ चला गया। धन गया, मणि के साथ तेज गया, प्रतिष्ठा और कीर्ति गई, घर-ठिकाना गया। एक सम्मानित आदमी के लिए यह मौत से कम नहीं। न्याय भी हुआ और करुणा भी बची रही।

कृष्ण मुस्कुराए क्यूँ थे?

इस कथा में चार धाराएँ हैं। न्याय कहता है सज़ा दो। धर्म कहता है शरणागत और निहत्थे पर हाथ मत उठाओ। करुणा कहती है कि जान के बदले जान कोई हल नहीं। क्रोध कहता है, “मार डालो।”

कृष्ण मुस्कुराए, इसलिए कि उनका यही आखिरी फ़ैसला उनका पहला फ़ैसला ही था। जो फ़ैसला उन्होंने महफ़िल में सबसे पहले सुनाया, वो सिर्फ एक ट्रिक था। इसलिए कृष्ण को ट्रिक्स्टर कहते हैं।

Leave a Reply